रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र का दूसरा दिन मंगलवार को हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों पर आभार प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। वहीं कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की अनुमति मांग सकती है, जिससे सदन में तीखी बहस होने की संभावना है।
इसके अलावा पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जांजगीर-चांपा में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत उठाया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागीय पत्र और शासकीय संकल्प सदन के पटल पर रखेंगे।

