छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू, पहली बार रविवार को भी चलेगी कार्यवाही

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होगा। यह सत्र नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जा रहा है। सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज पत्रकारों से चर्चा की।उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार रविवार के अवकाश दिवस पर भी सदन की कार्यवाही चलेगी। इसके पीछे विशेष कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली विधानसभा बैठक 14 दिसंबर को हुई थी, वह भी राजकुमार कॉलेज स्थित जशपुर हॉल में टेंट लगाकर आयोजित की गई थी। अब 25 वर्षों की इस यात्रा का पड़ाव भव्य नए विधानसभा भवन तक पहुंच चुका है।

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में कुल 76 सत्रों में 773 बैठकें आयोजित हुईं और सदन की कार्यवाही 3456 घंटे 19 मिनट चली।

उन्होंने कहा कि 14 से 17 दिसंबर तक चलने वाले इस शीतकालीन सत्र में कुल 4 बैठकें होंगी। अब तक 628 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इनमें से 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं।

सत्र के दौरान 48 ध्यानाकर्षण, एक लोकमहत्व के विषय पर चर्चा, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल और 77 याचिकाओं पर भी चर्चा होगी।16 दिसंबर को अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा, ‘छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन संशोधन) विधेयक, 2025 (क्रमांक 28, 2025)’ को विधानसभा में पारित किया जाएगा। विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।

You May Also Like

More From Author