Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा शुल्क में 5 साल बाद बढ़ोतरी, 10वीं–12वीं छात्रों को देना होगा ज्यादा फीस

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने करीब पांच साल बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है। अब कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को परीक्षा के लिए पहले से अधिक शुल्क देना होगा।

संशोधित दरों के अनुसार, परीक्षा शुल्क 460 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है, जबकि नामांकन शुल्क 80 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो गया है। अतिरिक्त विषय लेने पर अब 110 रुपये की जगह 250 रुपये देने होंगे।

अवसर परीक्षा शुल्क में भी वृद्धि की गई है। एक विषय की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा का शुल्क 280 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, दो विषय के लिए 340 रुपये से 600 रुपये और दो से अधिक विषयों के लिए 640 रुपये की जगह 1000 रुपये तय किया गया है।

स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए भी शुल्क बढ़ाया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य के नवीन स्वाध्यायी छात्रों को अब 1540 रुपये की जगह 2000 रुपये, जबकि एससी/एसटी वर्ग के छात्रों को 560 रुपये की जगह 800 रुपये देने होंगे।

इसके अलावा स्वाध्यायी एक विषय की अवसर परीक्षा का शुल्क 280 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये, दो विषय के लिए 600 रुपये और संकाय या विषय परिवर्तन शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया गया है।

Exit mobile version