Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में अगले 3 घंटों में आंधी-तूफान और बारिश का रेड-ऑरेंज अलर्ट, 80 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अगले 3 घंटों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और विभिन्न द्रोणिकाओं के प्रभाव के चलते 26 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ मूसलधार बारिश और ओले गिरने की संभावना है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट:

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है।

वहीं, धमतरी और गरियाबंद में भी 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

क्यों बदला मौसम का मिजाज?

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण पंजाब, उत्तर राजस्थान और हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही दो प्रमुख द्रोणिकाएं उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली हुई हैं, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर असर डाल रही हैं।

इन मौसमीय संरचनाओं के कारण पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति आगामी 3 दिनों तक बनी रह सकती है।

Exit mobile version