रायपुर। “संवाद से समाधान तक” के मूल मंत्र को लेकर चल रहे सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बेमेतरा जिले के ग्राम सहसपुर का आकस्मिक दौरा किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज़ में फूल-मालाएं पहनाकर और आरती उतारकर उनका भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने गांव के बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाई, जहां वे खाट पर बैठकर सीधे ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं पर फीडबैक लिया और मौके पर ही कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया।
कवर्धा के ऐतिहासिक शिव मंदिर के किए दर्शन
इससे पहले सीएम साय ने कवर्धा जिले में फणीवंशीय राजाओं द्वारा 13वीं-14वीं शताब्दी में निर्मित शिव मंदिर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री का यह दौरा बिना किसी पूर्व सूचना के था, जिससे उनकी जमीनी निगरानी और जन संवाद को बल मिला है।
सीएम साय ने की अहम घोषणाएं
ग्राम पंचायत सहसपुर में ग्रामीणों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को क्रियान्वित करने का भरोसा दिलाया। उनकी घोषणाएं ग्रामीणों में उत्साह और उम्मीद का संचार कर गईं।

