सुकमा। छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार अभियान ने अब अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर लिया है। इस अभियान के तहत लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को सुकमा जिले के तोंगपाल पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक नृत्य और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने समाधान शिविर में आम जनता से विभिन्न योजनाओं को लेकर संवाद किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने तोंगपाल क्षेत्र को 16 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें शामिल हैं:
- कुकानार से बढ़ाईपारा (4.80 किमी) सड़क निर्माण – ₹4.03 करोड़
- चिंतलनार से किस्टारम (4.50 किमी) सड़क निर्माण – ₹1.52 करोड़
- बुरकापाल से तोकनपल्ली (3.86 किमी) सड़क निर्माण – ₹1.24 करोड़
- मुकरम से तोंगपल्ली (5 किमी) सड़क निर्माण – ₹1.24 करोड़
- गादीरास से मानकापाल (12 किमी) सड़क और 13 पुल-पुलिया निर्माण – ₹6.86 करोड़
- सुकमा-दंतेवाड़ा मार्ग से कासरगुड़ा (2 किमी) सड़क निर्माण – ₹1.34 करोड़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव डॉ. बसव राजू एस, कलेक्टर देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक किरण चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





