रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल स्थित सिनेमाघर में छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘सुहाग’ के विशेष प्रदर्शन में शामिल हुए। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे पद्मश्री सम्मानित और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के अभिनय की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया था, और आज पूरी फिल्म देखकर यह महसूस हुआ कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा अपनी जड़ों से कितनी मजबूती से जुड़ा हुआ है।”
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक किरण देव सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और आयोगों व मंडलों के नवनियुक्त अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने फिल्म को पारिवारिक मूल्यों और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण बताते हुए कहा, “राज्य निर्माण के बाद बनी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छइहां भुइहां’ की तरह ‘सुहाग’ भी पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है। फिल्म में रिश्तों की गरिमा, पारिवारिक जीवन की सहजता और संस्कृति की गहराई को बहुत सुंदरता से दर्शाया गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित फिल्म सिटी का निर्माण, छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई उड़ान देगा और कलाकारों को बेहतर अधोसंरचना व राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
फिल्म में सामाजिक मूल्यों को जोड़ने का संदेश:
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ‘सुहाग’ की सराहना करते हुए कहा, “फिल्म वर्तमान समय में रिश्तों की अहमियत को दर्शाती है। यह दर्शाती है कि प्रेम और समर्पण की कमी ही रिश्तों में टकराव की वजह बनती है, जिससे युवा विवाह जैसे पवित्र रिश्ते से दूर हो रहे हैं। ‘सुहाग’ सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।”