गरियाबंद। छत्तीसगढ़ सरकार के ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के तहत गरियाबंद जिले में लापरवाह अधिकारियों पर कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। स्थानीय निकाय से लेकर जिला स्तर तक के 24 अधिकारियों को बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी किया गया है, वहीं फिंगेश्वर के सीएमओ चंदन मानकर को निलंबन की सिफारिश की गई है।
बैठक से नदारद रहे, समझ बैठे छुट्टी
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि “आवेदनों की एंट्री और निराकरण में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” समीक्षा बैठक के दौरान कई अधिकारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिनमें तीन अनुविभागीय अधिकारी (SDM) भी शामिल हैं:
- राजिम SDM विशाल महाराणा
- मैनपुर SDM पंकज डाहिरे
- देवभोग SDM तुलसीदास मरकाम
इन अधिकारियों को भी मिला नोटिस
- जनपद पंचायत मैनपुर की CEO श्वेता शर्मा
- देवभोग CEO रवि सोनवानी
- राजिम CMO मनीष कुमार गायकवाड़
- कोपरा CMO श्यामलाल वर्मा
- छुरा CMO लालसिंग मरकाम
- देवभोग CMO संतोष स्वर्णकार
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, जल संसाधन, विद्युत, उद्यानिकी, राजीव गांधी शिक्षा मिशन, रोजगार, खनिज, खादी ग्रामोद्योग, रेशम, क्रेडा, और बैंकों के जिला अधिकारी भी कार्रवाई की जद में आए हैं।
फिंगेश्वर CMO अनुपस्थित मिले, निलंबन की सिफारिश
सुशासन तिहार के तहत क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान फिंगेश्वर CMO चंदन मानकर कार्यालय से अनुपस्थित और मुख्यालय से बाहर पाए गए। समीक्षा बैठक में भी बिना सूचना के गैरहाजिर रहने पर कलेक्टर ने उन्हें गैर-जिम्मेदार मानते हुए निलंबन के प्रस्ताव को उच्च कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।
अब तक मिले 1.45 लाख से ज्यादा आवेदन
कलेक्टर ने बताया कि अब तक सुशासन तिहार के दौरान जिले में कुल 1,45,984 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदन समयबद्ध तरीके से एंट्री और निराकृत किए जाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्रता से पहुंचे।





