कांग्रेस के प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन में दिखी अंतर्कलह, बघेल-सिंहदेव आमने-सामने

रायपुर/बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस का प्रदेशस्तरीय “वोट चोर, गद्दी छोड़” प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान का मंच भी बन गया। ग्रीन गार्डन मैदान में आयोजित सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इशारों में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर तंज कस दिया, वहीं पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को उनके “चमचे” वाले बयान पर घेरा।

भूपेश बघेल ने मंच से कहा कि अब कोई यह न कहे कि सरकार काम नहीं करने की वजह से हारी। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस की हार का कारण वोट चोरी है, काम न करना नहीं। बघेल ने सिंहदेव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि नियमितीकरण का वादा पूरा नहीं होने से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। बघेल ने आगे कहा, “राहुल गांधी ने फर्जी वोटर्स का खुलासा कर एटम बम फोड़ा है, अब जल्द वोट चोरी के खिलाफ हाइड्रोजन बम भी फूटेगा।”

वहीं, शिवकुमार डहरिया ने कार्यकर्ताओं को लेकर महंत के बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता किसी नेता के चमचे नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। हमें एक-दूसरे पर टिप्पणी करने की बजाय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।”

उधर, भाजपा ने इस मौके को भुनाते हुए शिव डहरिया के बयान का वीडियो साझा कर कांग्रेस पर तंज कसा और लिखा कि कांग्रेस ने मान लिया है कि उनके कार्यकर्ता चमचे हैं।

You May Also Like

More From Author