Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

‘हाइड्रोजन बम लाएंगे’ – PCC चीफ दीपक बैज का बयान, BJP को घेरा

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और वरिष्ठ नेताओं ने छत्तीसगढ़ में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान की घोषणा की है। इसके तहत 16, 17 और 18 सितंबर को प्रदेशभर में पदयात्राएं, सभाएं और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। सचिन पायलट 16 सितंबर को रायगढ़ से कोरबा, 17 सितंबर को मुंगेली और कोरबा, तथा 18 सितंबर को राजनांदगांव से दुर्ग तक पदयात्रा करेंगे।

SIR को लेकर भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग

प्रदेश में SIR (Special Intensive Revision) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “SIR तो छत्तीसगढ़ में होना ही चाहिए। राहुल गांधी विरोधाभासी बयान न दें—कभी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की बात, तो कभी SIR पर सवाल।”

इसके जवाब में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा, “SIR तो होना चाहिए, लेकिन गृहमंत्री 20 लोगों का नाम लेकर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर पूरे प्रदेश में फर्जीवाड़ा किया है। हम एटम बम नहीं, हाइड्रोजन बम लाने वाले हैं। बिहार में SIR के नाम पर जिनका वोट काटा जा रहा है, उसका जवाब कौन देगा?”

नक्सल मुद्दे पर तीखे बयान

नक्सल गतिविधियों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दावा किया कि हाल ही में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया है, जिनमें 1 करोड़ का इनामी सीसी मेंबर बालकृष्णन उर्फ मनोज और 25 लाख का इनामी प्रमोद उर्फ पांडा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीसी मेंबरों की संख्या लगातार घट रही है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

वहीं, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, “मैं फोर्स को शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन नक्सल गतिविधियां बढ़ रही हैं। शिक्षा दूतों की हत्या हो रही है। सरकार चाहे जितना दावा करे, इस मुद्दे पर मार्च 2026 के बाद ही बात करेंगे।”

कानून व्यवस्था पर सवाल

प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा, “रायगढ़ में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, राजनांदगांव में तीन की हत्या, राजधानी में गैंगवार—अपराध और अपराधी भाजपा सरकार में बेलगाम हैं। इतनी बड़ी वारदातों पर सरकार का कोई ठोस बयान नहीं है।”

रोटी बनाने की मशीन पर भ्रष्टाचार का आरोप

दीपक बैज ने रायपुर ट्राइबल विभाग पर हॉस्टल के लिए खरीदी गई रोटी बनाने की मशीन में घोटाले का आरोप लगाया। उनका कहना है कि 50–60 हजार रुपये की मशीन को 8 लाख रुपये में खरीदा गया है और खरीद प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी की गई है।

Exit mobile version