रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए प्रार्थना और सांस्कृतिक गतिविधियों की नई व्यवस्था लागू की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, स्कूल शुरू होने पर प्रतिदिन राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों के प्रेरक विचारों का सामूहिक पाठ कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन के समय भोजन मंत्र का पाठ कराया जाएगा। वहीं स्कूल की छुट्टी के दौरान राजगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक उच्चारण किया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से छात्रों में सकारात्मक सोच, संस्कार और सामूहिक सहभागिता की भावना मजबूत होगी।

