रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा संघ और वंदेमातरम को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ा प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल का संघ का गीत गाना अच्छी बात है और उन्हें हर सुबह ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ गाना चाहिए।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि अगर वंदेमातरम सुनना है तो मोहन भागवत के पास जाना चाहिए और संघ की शाखा में जाकर प्रार्थना सीखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वंदेमातरम के पदों को काटने का काम कांग्रेस ने किया, जिसके लिए पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
NEET UG सीट को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के पत्र पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का पत्र लिखना पुरानी परंपरा है। उन्होंने बताया कि स्टेट कोटा को सेंट्रल और स्टेट में मर्ज करने का आदेश था, जिसके खिलाफ अपील की गई और यह स्वीकार हो गई है। उच्च न्यायालय का फैसला आने तक आदेश पर रोक लगी है, उम्मीद है कि राज्य का पूरा 50% कोटा वापस मिलेगा।
धान के चावल को सेंट्रल पूल में जमा करने के विषय पर मंत्री ने कहा कि स्टेट और सेंट्रल पूल के लिए आवश्यक चावल के निपटान पर मंत्रिमंडल उप समिति जल्द निर्णय लेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि समय पर धान का निपटान हो सके।
बस्तर ओलंपिक को लेकर कांग्रेस के सवाल पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को समाज और क्षेत्रीय मुद्दों की समझ नहीं है। नक्सलवाद धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है और नक्सली आत्मसमर्पण कर पुनर्वास योजना का लाभ उठा रहे हैं। ऐसे लोग बस्तर ओलंपिक में भाग लेंगे, इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने आम जनता से अपील की कि वे बस्तर ओलंपिक खेल देखने आएं और इसे सकारात्मक पहल के रूप में स्वीकार करें।