Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कोहरे में बढ़ते सड़क हादसे: हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव से शपथपत्र में मांगी कार्ययोजना

बिलासपुर। प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट जनहित याचिका के रूप में सुनवाई कर रहा है। बुधवार को हुई सुनवाई में डिवीजन बेंच ने घने कोहरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए राज्य के मुख्य सचिव से शासन की कार्ययोजना शपथपत्र के साथ तलब की है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी के तीसरे सप्ताह में होगी।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार हो रहे हादसों को गंभीर मानते हुए हाईकोर्ट पहले ही एनएचएआई को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने के निर्देश दे चुका है। मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति रविन्द्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ मामले की निगरानी कर रही है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट कमिश्नर अपूर्व त्रिपाठी की रिपोर्ट में दिसंबर के पहले दो सप्ताह में हुई पांच सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि शीतकाल में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से हादसे बढ़ रहे हैं, खासकर बलरामपुर और अंबिकापुर मार्ग पर स्थिति चिंताजनक है। कोर्ट ने शासन से स्पष्ट करने को कहा है कि कोहरे के हालात में यातायात नियंत्रण और हादसों की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version