रायपुर। जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए राज्य शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं पीएचई मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग में 34 अधिकारियों के तबादले व दायित्वों में बदलाव किए गए हैं। साथ ही 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति दी गई है, जबकि लापरवाही के आरोपों में निलंबित 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली की गई है।
जल जीवन मिशन में गंभीर लापरवाही और बिना अनुमति सामग्री परिवर्तन के आरोपों पर रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं मैदानी निगरानी मजबूत करने के लिए अधीक्षण अभियंता संजीव बृजपुरिया को ओएसडी के प्रभार से मुक्त किया गया है।
राज्य शासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट किया है कि जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा।

