रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी मंत्री, सांसद और विधायक 13 फरवरी को महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए तैयार हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को एक पत्र लिखकर इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने का न्योता दिया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि उनकी इच्छा है कि विधानसभा के सभी सदस्य और सांसद महाकुंभ स्नान का लाभ उठाएं।
डॉ. रमन सिंह ने पत्र में कहा है कि गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन त्रिवेणी संगम पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं का सजीव अनुभव करने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया है। दोनों राज्यों के विधायकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से यह आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से और भी ऐतिहासिक होगा।
इसके साथ ही, आम लोगों के लिए एक विशेष ट्रेन नागपुर से आज दोपहर 3 बजे रवाना होगी। इसे नागपुर-दानापुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी नंबर 01203) नाम दिया गया है। यह ट्रेन 8 फरवरी को रवाना होगी, जबकि वापसी में दानापुर-नागपुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी नंबर 01204) 9 फरवरी को दानापुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी।
