रायगढ़। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के मुड़ागांव और आसपास के जंगलों में पेड़ कटाई के विरोध में आज सुबह ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचीं लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब वे स्थानीय आदिवासी समुदाय के साथ खदान परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि तमनार क्षेत्र के मुड़ागांव में एक उद्योगपति को कोयला खदान का आवंटन हुआ है। इस परियोजना के तहत बीते कई दिनों से हजारों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है, जिससे नाराज ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। जंगलों की कटाई का विरोध एक महीने से अधिक समय से 12 से ज्यादा गांवों के लोग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र के घने जंगल न केवल पर्यावरण के लिए, बल्कि उनकी संस्कृति और आजीविका के लिए भी अहम हैं। आदिवासी समुदाय इन जंगलों पर निर्भर हैं और यह क्षेत्र जैव-विविधता से भी समृद्ध है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि न तो उनकी सहमति ली गई और न ही कोई जनसुनवाई की गई। जंगल कटाई की प्रक्रिया पूरी तरह एकतरफा और गुपचुप तरीके से की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। जब विधायक विद्यावती सिदार ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचीं, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने विधायक की गिरफ्तारी का विरोध किया और कहा कि यह आदिवासी आवाज को दबाने की कोशिश है।