Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ तेजी से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है: जशपुर में बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है और नक्सलवाद, जो कभी प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती था, अब अंतिम दौर में है। उन्होंने यह बात जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में लगभग 51.73 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट, रेस्ट हाउस, इंडोर स्टेडियम, जल आवर्धन योजना के लिए अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन तथा बागबहार में साप्ताहिक एसडीएम लिंक कोर्ट की घोषणाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन और 9.85 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना व प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया जा चुका है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा देने के लिए राज्य की सिंचाई परियोजनाओं के मरम्मत एवं विकास हेतु करीब 3 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 750 सड़कों को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और छत्तीसगढ़ को अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 36वीं सब जूनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को चेक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version