रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत की खबर है। धान खरीदी से वंचित रह गए किसानों को 5 और 6 फरवरी को दोबारा धान बेचने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि जिन किसानों का टोकन कट गया था, सत्यापन नहीं हो पाया या तय तिथि पर धान नहीं बेच सके थे, उनसे इन दो दिनों में खरीदी की जाएगी। इसके लिए बारदाना और हमालों की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं।
15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चले धान खरीदी अभियान में 25 लाख से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई और 33,149 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। खरीदी अवधि बढ़ने से अब छूटे हुए किसान भी अपनी उपज बेच सकेंगे।
वहीं, कवासी लखमा की रिहाई पर सीएम साय ने कहा कि अभी केवल जमानत मिली है, अंतिम निर्णय होना बाकी है। वॉलीबॉल टूर्नामेंट को लेकर उन्होंने बताया कि देशभर की 16 टीमें भाग ले रही हैं और प्रतियोगिता 8 फरवरी तक चलेगी।