रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में पारदर्शिता और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार की नीति है कि किसानों से धान का हर दाना खरीदा जाएगा और भुगतान समय पर होगा, लेकिन अनियमितता करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में बेमेतरा जिले के सरदा-लेंजवारा धान संग्रहण केंद्र में भंडारित धान के भौतिक सत्यापन के दौरान 53,639.22 क्विंटल धान की कमी पाई गई। जांच में स्टॉक व्यवस्था में गड़बड़ी, ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध धान में अंतर तथा मानकों के विपरीत प्लास्टिक बोरों में भंडारण सामने आया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर संग्रहण केंद्र प्रभारी नितीश पाठक को 14 जनवरी 2026 से पद से मुक्त करते हुए निलंबन और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए हेमंत कुमार देवांगन को अस्थायी रूप से प्रभारी नियुक्त किया गया है।
सरकार ने दोहराया कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए सख्त कदम जारी रहेंगे।