बलरामपुर–रामानुजगंज। नए साल से पहले पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक ट्रक से करीब 6 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया है। तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर राजस्थान जा रहे थे।
28 दिसंबर की रात मुखबिर की सूचना पर ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया। तलाशी के दौरान नारियल भूसी के नीचे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे का वजन 1198.460 किलोग्राम है, जबकि ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अमरीश कुमार (23) और मनीष कुमार (20), दोनों निवासी उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

