छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा 23 जून को महर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भखारा, धमतरी में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की द्वितीय पाली में उत्तर पुस्तिकाएं विलंब से वितरित की गई थीं। इस वजह से परीक्षा में शामिल हुए 288 अभ्यर्थियों को फिर से परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा।
परीक्षा मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, द्वितीय पाली की परीक्षा 20 जुलाई को सुबह 2 बजे से शाम 4:45 बजे तक उसी महाविद्यालय में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र 15 जुलाई से उनके लॉगिन में उपलब्ध हो जाएंगे।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो अभ्यर्थी 20 जुलाई को होने वाली पुनर्परीक्षा में शामिल होंगे, उनकी पूर्व की उत्तर पुस्तिका (ओएमआर) को निरस्त माना जाएगा। उनका परिणाम 20 जुलाई को होने वाली परीक्षा की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के आधार पर घोषित किया जाएगा। वहीं, जो अभ्यर्थी पुनर्परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, उनका परिणाम 23 जून को आयोजित हुई परीक्षा की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के आधार पर ही घोषित किया जाएगा।
यह फैसला उन 288 अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात है, जिन्हें उत्तर पुस्तिकाएं देरी से मिली थीं। व्यापम द्वारा इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है और अभ्यर्थियों को फिर से परीक्षा देने का मौका दिया गया है।