रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 41 व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया। इनमें अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली हस्तियां शामिल हैं। सम्मान पाने वालों में शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, खेल, कृषि, सहकारिता और साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले लोग शामिल हैं। कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
अलग-अलग क्षेत्रों में इन्हें मिला सम्मान
इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान हिरेश सिन्हा को आदिवासी चेतना के लिए दिया गया। यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के लिए दिया गया। खेल के क्षेत्र में गुंडाधूर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव को मिला। महिला एवं बाल विकास में महत्वपूर्ण कार्य के लिए मिनीमाता सम्मान ललेश्वरी साहू को दिया गया। गुरु घासीदास सम्मान भुवनदास जांगड़े और शशि गायकवाड़ को, ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, डोम को सहकारिता के लिए दिया गया।

