रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहीं पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय ने भी नामांकन पत्र खरीदा है और उनके डमी उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल करने की चर्चा है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि गुरुवार है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जाएंगे। लक्ष्मी वर्मा का नामांकन पत्र संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने विधानसभा पहुंचकर लिया था।
सूत्रों के मुताबिक, अगर कांग्रेस बाहरी नेता को मैदान में उतारती है तो भाजपा नवीन मारकंडेय को डमी प्रत्याशी बना सकती है। विधानसभा में संख्या बल को देखते हुए एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि पार्टी आज देर रात या कल सुबह प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस संबंध में सभी विधायकों को सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचने के निर्देश दिए हैं।