रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम को दोबारा राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है और उनकी सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस ने उन्हें फिर से उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि कल है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। संभावित उम्मीदवारों में टीएस सिंहदेव, दीपक बैज और फूलो देवी नेताम के नाम पर चर्चा हुई थी, लेकिन अंततः पार्टी ने नेताम के नाम पर सहमति बनाई।
फूलो देवी नेताम वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं और बस्तर क्षेत्र की वरिष्ठ आदिवासी नेता मानी जाती हैं।
विधानसभा की स्थिति देखें तो भाजपा के पास 54 और कांग्रेस के पास 35 विधायक हैं। ऐसे में दो राज्यसभा सीटों में से एक भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। बीजेपी ने भी अपनी ओर से लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।