Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

स्कूल में बच्चों की थाली में फिनाइल, हाईकोर्ट सख्त – FIR दर्ज, शिक्षक हिरासत में

High Court

High Court

रायपुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय में बच्चों की थाली में फिनाइल मिलने की सनसनीखेज घटना ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बीएनएस की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने पाकेला पोटाकेबिन स्कूल में पदस्थ शिक्षक धनंजय साहू को हिरासत में लिया है। हालांकि, हिरासत से पहले साहू ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है और अधीक्षक से उनके संबंध ठीक नहीं हैं।

हाईकोर्ट का कड़ा रुख

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने मंगलवार को जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को फटकार लगाते हुए कहा–
“पहले बच्चों को कुत्ते का जूठा खाना परोसा गया और अब फिनाइल मिला भोजन दिया जा रहा है। यह कोई छोटी लापरवाही नहीं है। अगर इस घटना में कोई हानि हो जाती तो हालात संभालना मुश्किल हो जाता।”

हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच जिला दंडाधिकारी की निगरानी में कराने और राज्य के मुख्य सचिव को लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

15 अधिकारियों को नोटिस

छिंदगढ़ बीईओ-बीआरसी, पोटाकेबिन अधीक्षक और सहायक अधीक्षक समेत 15 अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। डीएमसी उमा शंकर तिवारी ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।

शिक्षा मंत्री का सख्त निर्देश

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने घटना का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यह “आपराधिक मामला” है और इसमें किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को मौके पर जाकर वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

Exit mobile version