रायपुर। भीषण गर्मी और लू के चलते जहां राज्य सरकार ने स्कूलों में आज से छुट्टियां घोषित कर दी हैं, वहीं दूसरी ओर 1 मई से समर कैंप आयोजित करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है। शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने समस्त कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर 1 मई से 15 जून तक समर कैंप संचालित करने का आदेश दिया है।
समर कैंप को स्वैच्छिक बताया गया है, लेकिन इसके तहत बच्चों को बड़े संस्थानों के भ्रमण पर भी ले जाने की बात कही गई है। इस आदेश के बाद शिक्षकों और पालकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी में बच्चों के बाहर निकलने को लेकर चिंता जताई जा रही है।
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, समर कैंप सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। कैंप के जरिए बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनकी बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कला एवं अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञों की मदद भी ली जा सकती है।
शिक्षा सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि समर कैंप आयोजन के लिए शिक्षा विभाग से कोई बजट नहीं दिया जाएगा, बल्कि शिक्षकों और पालकों के सहयोग से कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। समर कैंप स्कूल परिसरों अथवा गांव-शहर के सामुदायिक स्थलों पर भी लगाए जा सकते हैं।

