रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में कनिष्ठ सचिवालय सहायकों के नियमित पदों को संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरने के प्रस्ताव का मंत्रालय कर्मचारी संघ ने विरोध किया है। संघ ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
कर्मचारी संघ का कहना है कि मंत्रालय की गोपनीयता और संवेदनशीलता को देखते हुए अब तक कभी भी आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती नहीं की गई। संघ ने आरोप लगाया कि इससे पारदर्शिता प्रभावित होगी और शिक्षित बेरोजगार युवाओं, विशेषकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के अवसर कम होंगे।
संघ ने यह भी कहा कि यदि कर्मचारियों को ई-ऑफिस संचालन में दिक्कत है तो उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही, आगामी संयुक्त भर्ती परीक्षा को देखते हुए नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और आउटसोर्सिंग प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की गई है।

