रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली और हैदराबाद दौरे से लौटने के बाद कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद में आयोजित नेशनल कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग समूहों के साथ लगभग 9,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर समझौता हुआ है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इन निवेश परियोजनाओं से टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार होगा, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अनुमान है कि इन परियोजनाओं के जरिए 7,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि 10 जून को आयोजित एनडीए की बैठक में भी उन्होंने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उपलब्धियों की सराहना की गई। वहीं, 11 जून को नीति आयोग की बैठक में शामिल होकर राज्य की विकास योजनाओं और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को प्रोत्साहित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। उनका विश्वास है कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

