दुर्ग: छत्तीसगढ़ शासन ने लोक सेवा केन्द्रों को उन्नत कर सेवा सेतु केन्द्र बनाया है, जिससे प्रशासनिक सेवाएं अब डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए ग्राम पंचायतों में भी ऑनलाइन विवाह प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे हैं। वर्तमान में आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण-पत्र, भू-नकल समेत 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
ई-जिला प्रबंधक श्रुति अग्रवाल ने बताया कि नागरिक अब घर बैठे या कॉमन सर्विस सेंटर और लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। पहले जहां ई-डिस्ट्रिक्ट पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं सेवा सेतु पोर्टल में अब 441 से अधिक सेवाएं शामिल हैं। इससे लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही और समय व संसाधनों की बचत हो रही है।

