रायपुर। छत्तीसगढ़ में SI भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के आरोपों को युवाओं की मेहनत का अपमान बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से सार्वजनिक माफी की मांग की।
टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने ‘न्यूज़’, ‘हे राम’ और अन्य नामों का हवाला देकर भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए, जबकि CGPSC पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अभ्यर्थियों के नाम वैध दस्तावेजों के आधार पर दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कुछ सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज और वीडियो दिखाते हुए कहा कि नामों को लेकर उठाए जा रहे सवाल बेबुनियाद हैं।
भाजयुमो अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं की योग्यता और वर्षों की मेहनत पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ कराई जा रही हैं और पूर्व में लंबित SI भर्ती प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया गया है।

