Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ राज्य खेल अलंकरण 2025-26 के लिए आवेदन शुरू, 5 अगस्त अंतिम तिथि

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण, नगद पुरस्कार, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं।

राज्य खेल अलंकरण के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

पुरस्कार राशि में शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए ₹3 लाख, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए ₹1.50-1.50 लाख तथा शहीद विनोद चौबे और शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए ₹25-25 हजार प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी दी जाएगी।

विभाग ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक हैं लेकिन संघ की अनुशंसा नहीं मिली है, वे निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 5 अगस्त तक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय या जिला कार्यालय में भी जमा कर सकते हैं।

Exit mobile version