Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

2 साल 8 महीने से अधूरा उप स्वास्थ्य केंद्र, फर्श धंसा और दीवारों में दरारें; ग्रामीण परेशान

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोढ़े में करीब 23 लाख रुपये की लागत से बन रहा उप स्वास्थ्य केंद्र 2 साल 8 महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। निर्माण पूरा होने से पहले ही भवन के फर्श के धंसने और दीवारों में दरारें आने से इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू नहीं होने के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए करीब 7 से 8 किलोमीटर दूर तखतपुर जाना पड़ता है। प्रसव के दौरान महिलाओं और रात के समय मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

अधूरा भवन अब असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का ठिकाना भी बन रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यहां से खिड़कियों की लोहे की रेलिंग और बिजली के पाइप भी चोरी हो चुके हैं।

ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और जल्द से जल्द काम पूरा कराने की मांग की है। वहीं सीजीएमएससी के एसडीओ अमोल कन्नमवार ने बताया कि 15वें वित्त की राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम रुका था। पिछले महीने ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया है और जल्द निर्माण दोबारा शुरू कराया जाएगा।

Exit mobile version