रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय ने विभिन्न शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए 1812 रिक्तियों का संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है।
इस भर्ती के तहत व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। जारी विवरण में अलग-अलग विषयों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें व्याख्याता हिंदी के 51, अंग्रेजी के 65, संस्कृत के 47, गणित के 49, जीव विज्ञान के 39, वाणिज्य के 104, रसायन के 44, भौतिकी के 53 और सामाजिक विज्ञान के 52 पद हैं। भूगोल विषय में व्याख्याता के 60 पद रखे गए हैं।
शिक्षक पदों की बात करें तो हिंदी/संस्कृत के 34, अंग्रेजी के 106, कला के 72, विज्ञान के 56 और गणित के 68 पद शामिल हैं। इसके अलावा व्यायाम शिक्षक के 50, ग्रंथपाल के 60 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पदों पर भी भर्ती होगी।
गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों में प्रयोगशाला सहायक के 170 पद, प्राथमिक शाला प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक शाला प्रधानपाठक के 24 और सहायक ग्रेड-3 के 10 पद शामिल हैं।
विस्तृत विज्ञापन का इंतजार
फिलहाल विभाग की ओर से संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया गया है। आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण व्यवस्था, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम और अन्य जरूरी नियमों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित सभी जरूरी निर्देश स्पष्ट हो जाएंगे।

