रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब पांच महीने से नए घरेलू LPG कनेक्शन बंद होने के बीच 2 लाख से अधिक आवेदन लंबित हैं। अब तेल कंपनियां नए उपभोक्ताओं के लिए 10 किलो का प्रीमियम फाइबर सिलेंडर ला रही हैं। इंडेन इसे लॉन्च कर चुका है, जबकि BPCL 14 अगस्त को रायपुर में लॉन्च करेगा।
प्रीमियम सिलेंडर का नया कनेक्शन करीब 5,000 रुपये में मिलेगा। यह पारंपरिक सिलेंडर से हल्का और पारदर्शी होगा, जिससे गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकेगा। बुकिंग के करीब 4 घंटे में डिलीवरी का दावा किया गया है।
हालांकि, इसकी गैस घरेलू LPG से करीब दोगुनी महंगी होगी और इस पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। वहीं प्रदेश के 63.3 लाख LPG उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक KYC कराना जरूरी है। KYC नहीं कराने पर कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है।

