रायपुर। प्रदेश में जमीन डायवर्सन (व्यपवर्तन) के लिए आवेदन करने वालों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। राजस्व विभाग डायवर्सन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने जा रहा है। इसके लिए नया ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार किया गया है, जिसका फिलहाल ट्रायल चल रहा है।
पोर्टल लाइव होने के बाद जमीन मालिक घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन और भुगतान कर सकेंगे। आवेदन संबंधित जिले के एसडीएम के पास ऑनलाइन पहुंचेगा और नए नियमों के तहत 15 दिनों के भीतर आदेश जारी करना अनिवार्य होगा। यदि तय समय में निर्णय नहीं लिया गया, तो 16वें दिन सिस्टम से स्वतः मान्य आदेश जारी हो जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खामियां दूर की जा चुकी हैं और जल्द ही पोर्टल आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे तहसील और एसडीएम कार्यालयों के चक्कर से लोगों को राहत मिलेगी।