Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

धान खरीदी की तारीख पर मंत्री टंकराम वर्मा का बयान, 15 नवंबर से होगी खरीदी

Paddy Procurement : कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार से एक नवंबर से धान खरीदी की मांग कर रही है। इस पर खेल एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने स्पष्ट किया कि एक नवंबर को धान कटने के बाद वह गीली रहती है और उसे कहीं नहीं ले जाया जा सकता। इसलिए, सरकार ने 15 नवंबर से धान खरीदी का निर्णय लिया है। इस समय तक धान तैयार हो जाएगा, जिससे किसानों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

इससे पहले, मंत्री टंकराम वर्मा ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित ‘आओ बनाए स्वस्थ्य छत्तीसगढ़’ स्वास्थ्य शिविर में भाग लिया। इस शिविर में निःशुल्क ईसीजी, इको और अन्य संबंधित जांच की गई। इसके अलावा, हार्ट, कैंसर और दांतों की मुफ्त जांच का भी आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में अपने उद्बोधन के दौरान, मंत्री वर्मा ने जीवन की मूल्यवानता पर जोर देते हुए कहा कि “ज़िंदगी जो मिली है, वह बहुत कीमती है।” उन्होंने कहा कि मनुष्य को मिली शक्ति किसी से कम नहीं है और सभी काम संभव हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि भगवान ने जो जीवन दिया है, उसका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने जीवन के मूल्य को समझाते हुए कहा कि आज की खुशियों को भूलना नहीं चाहिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान में हमारी जीवन शैली और विचारधारा बदल गई है, और पश्चिमी सभ्यता का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे देश के लोग शांति की तलाश में यहां आते हैं। इस अवसर पर, मंत्री ने गीत गाकर जीवन के अर्थ को साझा किया और सभी को सुरक्षित रहने का संदेश दिया।

Exit mobile version