रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन के तहत पर्यटन स्थलों पर आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया है। इसके जरिए राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि पर्यटन का विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने वाला होना चाहिए।
प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा विकास
योजना के पहले चरण में चित्रकोट जलप्रपात, मैनपाट, सिरपुर, हसदेव बांगो और राजिम जैसे पर्यटन स्थलों को विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां सड़क संपर्क, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्यटक सहायता केंद्र और सुरक्षा जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
500 करोड़ रुपये की मिशन निधि प्रस्तावित
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये की मूल निधि प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं, निजी निवेश और अन्य वित्तीय स्रोतों के माध्यम से अतिरिक्त राशि जुटाने की योजना है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
मिशन के तहत पर्यटन उद्यमिता को बढ़ावा देने, महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़ने और टूर गाइड सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प और लोककला के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
डिजिटल सुविधाओं पर भी रहेगा फोकस
पर्यटकों की सुविधा के लिए बहुभाषी वेबसाइट, मोबाइल ऐप, ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल भुगतान और पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने वाली तकनीक विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही चार प्रमुख और 15 मिनी पर्यटन सर्किट तैयार करने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्यटन परियोजनाओं के लिए समय-सीमा निर्धारित करने और पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

