रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य क्षेत्र और उससे लगे पूर्व-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। तूफान के प्रभाव से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
27 अक्टूबर को रायपुर सहित कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद जिलों के लिए गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को भी कटी हुई फसल और कृषि सामग्री सुरक्षित रखने की व्यवस्था करनी चाहिए। मौसम की ताजा जानकारी और जिलेवार चेतावनियों के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन पर नजर रखना जरूरी है।

