रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को कई इलाकों में बारिश हुई, जिसमें बिलासपुर के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मंगलवार को बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेमी, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में 1 से 4 सेमी तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम है।


