छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक विदाई हो गई है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश में बादलों की गतिविधियां कम हो रही हैं। वहीं, सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 13 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय अपेक्षाकृत राहत मिल सकती है।
पिछले 24 घंटे में मौसम का हाल
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले पांच दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक ऐसी मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उत्तरी ओडिशा, झारखंड और दक्षिण-पश्चिम बिहार होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण मानसून की विदाई के बाद भी कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।



