Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम: बादल, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। आसमान में बादल छाने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।

अगले चार दिनों तक सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण इस बदलाव की मुख्य वजह है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर आंतरिक ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान में और गिरावट की संभावना बनी हुई है।

Exit mobile version