Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

Rajim Kumbh Kalpa 2025 : त्रिवेणी संगम में श्रद्धा की लहर, आज से महाकुंभ का शुभारंभ

Rajim Kumbh Kalpa 2025

Rajim Kumbh Kalpa 2025

Rajim Kumbh Kalpa 2025 : पवित्र तीर्थ त्रिवेणी संगम राजिम में आज से राजिम कुंभ कल्प 2025 का शुभारंभ होने जा रहा है। माघ पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने महानदी में स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और कुलेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

राज्यपाल करेंगे उद्घाटन, मैथिली ठाकुर देंगी प्रस्तुति
आज शाम राज्यपाल रमेन डेका इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। कुंभ मेला 26 फरवरी तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध बॉलीवुड पार्श्व गायिका मैथिली ठाकुर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। इस बार मेला स्थल को 20 साल बाद बदलकर संगम स्थल से 750 मीटर दूर लक्ष्मण झूला और चौबे बांधा के बीच 54 एकड़ भूमि पर भव्य मंच तैयार किया गया है।

“पंचकोशी धाम” थीम पर होगा आयोजन
इस वर्ष कुंभ मेले की थीम “पंचकोशी धाम” पर आधारित होगी, जिसमें धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, संत समागम और आध्यात्मिक संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। 12 फरवरी माघ पूर्णिमा से प्रारंभ यह आयोजन 26 फरवरी महाशिवरात्रि को संपन्न होगा। इस दौरान 21 से 26 फरवरी तक विराट संत समागम आयोजित होगा।

भक्तों और संतों का महासंगम
राजिम कुंभ कल्प में देशभर से साधु-संत, कथा वाचक और श्रद्धालु पहुंचेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ लोककला, आध्यात्मिक संगोष्ठियां और स्थानीय संस्कृति को भी प्रमुखता दी गई है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें पेयजल, शौचालय, पार्किंग, आवास और भोजन की सुविधा शामिल है।

पंडोखर सरकार का लगेगा दरबार
21 से 25 फरवरी तक पंडोखर सरकार (गुरुशरण महाराज, दतिया, म.प्र.) का विशेष सत्संग दरबार लगेगा, जो प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा। वहीं, 13 से 19 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान के डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी महाराज प्रवचन देंगे।

महाशिवरात्रि पर होगा भव्य समापन
राजिम कुंभ कल्प का समापन 26 फरवरी, महाशिवरात्रि के दिन होगा। इस दौरान विशेष शाही जुलूस निकाली जाएगी और श्रद्धालु पुण्य स्नान कर राजीव लोचन, कुलेश्वर महादेव सहित अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

Exit mobile version