खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब छुईखदान पुलिस टीम ने अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में छुईखदान ने जालबांधा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि जालबांधा की टीम उपविजेता रही।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी 8 थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में खेल भावना, टीमवर्क और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना था।
फाइनल में छुईखदान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं जालबांधा को उपविजेता का खिताब मिला। प्रतियोगिता में शामिल अन्य टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया। लोगों को अनजान लिंक से बचने, OTP साझा नहीं करने और संदिग्ध कॉल व मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

