रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा की आरती की। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने इस विशेष क्षण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए श्रीरामचरितमानस के अयोध्याकांड की चौपाई – “संगमु सिंहासनु सुठि सोहा। छत्रु अखयबटु मुनि मनु मोहा॥” का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा, “आज तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में 3 करोड़ छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए डुबकी लगाई एवं स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि महाकुंभ सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व है, जहां आस्था अमृत बनकर आत्मा को ब्रह्म से जोड़ती है। इस अवसर पर उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय ने भी त्रिवेणी संगम में श्रद्धा और भक्ति की डुबकी लगाई।

