चिरमिरी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन इस हमले के दौरान चिरमिरी की भाजपा पार्षद पूर्वा स्थापक अपने परिवार और मित्रों सहित बाल-बाल बच गईं। हमले के वक्त सभी लोग एक लॉज में मौजूद थे और लॉज में छिपकर अपनी जान बचाई। फिलहाल सभी सुरक्षित श्रीनगर पहुंच चुके हैं।
चिरमिरी निवासी शिवांश जैन की मां ने बताया कि उनका बेटा अपने दोस्तों—कुलदीप स्थापक, अरविंद अग्रवाल, हैप्पी बधावान, और उनके परिवारों के साथ पहलगाम घूमने गया था। कुलदीप स्थापक की पत्नी पूर्वा स्थापक भाजपा से नगर निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद हैं।
हमला होते ही मचा अफरा-तफरी
हमले के समय सभी लोग वहीं मौजूद थे। जैसे ही गोलीबारी और विस्फोट की आवाजें आईं, सबने लॉज की ओर भागकर छिपने में ही भलाई समझी। शिवांश की मां ने बताया कि घटना की सूचना दोपहर 3:30 बजे मिली थी, जिसके बाद रात 9 बजे फोन पर संपर्क हुआ। बताया गया कि महिला-पुरुषों को अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर श्रीनगर पहुंचाया गया।
प्रशासन से अपील
परिवारजनों ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का आभार जताया है, साथ ही मांग की है कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
हमले में बचे लोगों के लिए यह घटना जिंदगी भर का खौफनाक अनुभव बन गई है, वहीं मारे गए 26 पर्यटकों की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।