नवा रायपुर में बनेगी चित्रोत्पला फिल्म सिटी, 21 जनवरी को होगा भूमिपूजन

CG News | रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। नवा रायपुर अटल नगर के माना-तूता क्षेत्र में राज्योत्सव स्थल के पास करीब 100 एकड़ में बनने वाली इस फिल्म सिटी का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 जनवरी को करेंगे।

फिल्म सिटी का निर्माण पीपीपी मॉडल पर मुंबई की इंद्रदीप इन्फ्रा इंडिया लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जाएगा। इस परियोजना में कंपनी करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि केंद्र सरकार की ओर से 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। राज्य सरकार की ओर से भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। कुल मिलाकर इस परियोजना में 400 से 500 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अनुसार, फिल्म सिटी में स्टूडियो, शूटिंग सेट, इंडोर-आउटडोर लोकेशन, प्री और पोस्ट प्रोडक्शन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, जेल, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, तालाब, उद्यान और अन्य लोकेशन भी तैयार होंगी। साथ ही कलाकारों और फिल्म यूनिट के ठहरने के लिए आवास, कन्वेंशन सेंटर और आउटडोर शूटिंग सुविधाएं भी होंगी।

पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। फिल्म सिटी के निर्माण से फिल्म मेकिंग, फिल्म टूरिज्म, स्थानीय रोजगार और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई गति मिलने की उम्मीद है।

You May Also Like

More From Author