रायपुर। कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू होंगी, जो 20 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
बोर्ड परीक्षाएं इस वर्ष 20 फरवरी से प्रारंभ होंगी। प्रैक्टिकल परीक्षाएं माशिमं द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक की उपस्थिति में कराई जाएंगी। स्कूल अपनी ओर से बाह्य परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकेंगे, ऐसा करने पर परीक्षा अमान्य मानी जाएगी।
स्कूल स्तर पर विषय शिक्षक को आंतरिक परीक्षक नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक नहीं होंगे। प्रैक्टिकल परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और इसकी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी।
मंडल के अधिकारी प्रैक्टिकल परीक्षाओं के दौरान आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। परीक्षाओं के लिए पिछले वर्षों की बची उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग किया जाएगा, आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्तर पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पात्रता के अभाव में निरस्त किए गए विद्यार्थियों के प्रायोगिक अंक मान्य नहीं होंगे।

