रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने 33 दिन की हड़ताल के दौरान रुके हुए वेतन का भुगतान करने की घोषणा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए ग्रेड पे के लिए समिति गठित की गई है। साथ ही 27 प्रतिशत लंबित वेतन वृद्धि, 30 दिन का मेडिकल अवकाश, ट्रांसफर नीति लागू करने और कार्य मूल्यांकन में दावा-आपत्ति का प्रावधान करने की घोषणा की गई।
इसके अलावा सभी एनएचएम कर्मचारियों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसी कर्मचारी के निधन पर उसके परिवार को 1.40 करोड़ रुपये तक की सहायता और बच्चों की शिक्षा के लिए 5-5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोरोना काल में एनएचएम कर्मचारियों की सेवाएं अविस्मरणीय हैं और राज्य सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है।


