रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए तथा छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए। गरियाबंद में आयोजित रायपुर संभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सुपेबेड़ा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए तेल नदी पर एनीकट निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, आयुष्मान कार्डों के शत-प्रतिशत कवरेज, टीबी मुक्त पंचायतों के निर्माण और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने स्कूलों में एआई आधारित तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

