रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जगदलपुर पहुंचे। सिटी ग्राउंड में विभिन्न जनजातीय समाजों ने पारंपरिक सिहाड़ी माला, पगड़ी और गजमाला पहनाकर उनका सम्मान किया।मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी, भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़-झारखंड राज्य निर्माण और जनजातीय कार्य मंत्रालय गठन को ऐतिहासिक कदम बताया।सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने पर आभार जताया।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप और विधायक किरण देव सहित जनप्रतिनिधियों ने जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक धरोहर को याद किया।